सागर में जहरीली शराब से मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने अवैध और जहरीली शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके बाद बुरहानपुर में भी प्रशासन और आबकारी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर हर्ष सिंह के आदेश पर आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने अलसुबह जैनाबाद, बलवाड़ टेकरी और आहूखाना क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई में बड़ी मात्रा में कच्ची शराब और महुआ लहान बरामद कर नष्ट किया गया।

अलग-अलग स्थानों पर दबिश
बुरहानपुर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम जैनाबाद, बलवाड़ टेकरी और आहूखाना में अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से कच्ची शराब बनाए जाने के ठिकानों की जांच की गई और शराब निर्माण में इस्तेमाल सामग्री को जब्त किया गया।

लाखों की कीमत का नशीना पदार्थ नष्ट
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 215 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा और 3300 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया। जब्त शराब, महुआ लहान और शराब निर्माण सामग्री की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है। मौके पर ही महुआ लहान और अन्य सामग्री को नष्ट किया गया।  

 

तमाम विभाग रहे कार्रवाई में शामिल
इस संयुक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पल्लवी पौराणिक, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विनोद कुशवाहा, सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर, थाना शिकारपुर के टीआई संदीप चौरसिया, नायब तहसीलदार रजनीश उपाध्याय, आबकारी उप निरीक्षक शेर सिंह मोरे और केतन भाबर सहित आबकारी, पुलिस और राजस्व विभाग का अमला शामिल रहा

सागर शराब कांड के बाद प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने और बेचने वालों में हड़कंप है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में कच्ची शराब के अवैध निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।