जयपुर के विश्व प्रसिद्ध आमेर महल में ईमानदारी और जिम्मेदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। जहां शीश महल के पास ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को पत्थरों के बीच एक लावारिस बैग मिला। सुरक्षा के मद्देनजर जब बैग की जांच की गई तो उसके अंदर 1.06 लाख रु नकद, कीमती सामान और कई महत्वपूर्ण व्यक्तिगत दस्तावेज मिले। इतनी बड़ी नकदी मिलने के बावजूद ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड फैजल खान ने ईमानदारी दिखाते हुए तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद आमेर महल प्रशासन और सुरक्षा टीम ने बैग के असली मालिक की तलाश शुरू कर दी। जांच में पता चला कि बैग ओडिशा से आए पर्यटक नित्यानंद साहू का है, जो अपने परिवार के साथ आमेर महल घूमने आए थे और शीश महल के पास गलती से बैग वहीं छोड़कर आगे निकल गए थे। बैग में बड़ी रकम होने के कारण सुरक्षा टीम ने पूरी सतर्कता के साथ पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन किया। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बैग में रखी नकदी, कीमती सामान और सभी जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रूप से पर्यटक को लौटाए गए। और अपना खोया हुआ बैग वापस मिलने पर नित्यानंद साहू की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर होमगार्ड फैजल खान और आमेर महल प्रशासन की ईमानदारी, तत्परता और सेवा भावना की जमकर सराहना की और कहा कि जयपुर के लोगों ने जिस ईमानदारी और अपनत्व का परिचय दिया है, उसने राजस्थान की 'अतिथि देवो भवः' की परंपरा और पर्यटन की सकारात्मक छवि को उनके दिल में हमेशा के लिए और मजबूत बताया।