नीमच में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने गुरुवार शाम केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) के एक अधिकारी के सरकारी आवास पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार, CBI की यह कार्रवाई नशीली दवाओं की जब्ती से जुड़े एक मामले में कथित रिश्वतखोरी की जांच के सिलसिले में की गई। मामले में करीब 30 से 50 लाख रुपये की  रिश्वत की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी को ऑनलाइन पैसों के लेन-देन से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले थे जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन

गुरुवार शाम CBI की टीम नीमच स्थित CBN कॉलोनी पहुंची और अधिकारी सिद्धार्थ श्रीवास्तव के सरकारी आवास पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने घर में मौजूद दस्तावेजों पुराने प्रकरणों से जुड़ी फाइलों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की। कार्रवाई देर रात तक चलने की जानकारी सामने आई है।सूत्रों के मुताबिक जांच में इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि कथित रकम सीधे अधिकारी के खाते में नहीं बल्कि किसी करीबी रिश्तेदार के बैंक खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर की गई थी या नहीं। CBI टीम बैंक लेन-देन और डिजिटल भुगतान से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। हालांकि इनसे संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आई है।

विभाग में मची खलबली

CBI की कार्रवाई के बाद अधिकारी को कैंट थाने लाया गया। यहां आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसका मेडिकल कराया गया। इसके बाद CBI की टीम अधिकारी को अपने साथ ले गई।इस कार्रवाई के बाद नारकोटिक्स विभाग में भी हलचल बढ़ गई है। अब जांच के दौरान कथित रिश्वत के लेन-देन संबंधित ड्रग्स प्रकरण और उसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी पूछताछ किए जाने की संभावना है।हालांकि मामले में CBI की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही कार्रवाई और आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।