NEET पेपर लीक विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया है...    पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने थाली बजाकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ “गो-प्रधान-गो” के नारे लगाए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग की है...   मंच पर गांधी और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लगाई गईं, जबकि NEET विवाद के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे पर उनकी लड़ाई जारी रहेगी और जरूरत पड़ने पर वे गिरफ्तारी या अन्य कार्रवाई का सामना करने के लिए भी तैयार हैं।

दीपके ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे पत्र में NEET से जुड़े आत्महत्या के मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था धीरे-धीरे व्यवसाय का रूप लेती जा रही है, जबकि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और भविष्य को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है।

CJP के मुताबिक  पिछले कुछ सप्ताह में NEET परीक्षा से जुड़े कई छात्र-छात्राओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटनाएं सामने आई हैं, जो गंभीर चिंता का विषय हैं। पार्टी का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली की खामियों और बढ़ते दबाव के कारण छात्रों में निराशा बढ़ रही है। जानकारी के लिए आपको बता दे कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत मई में हुई थी और इसके बाद से यह संगठन सोशल मीडिया तथा विभिन्न शहरों में प्रदर्शन के जरिए छात्रों के मुद्दों को उठाता रहा है। इससे पहले भी CJP पुणे, लखनऊ, जयपुर, नागपुर, अमृतसर, हैदराबाद और बेंगलुरु समेत कई शहरों में विरोध प्रदर्शन कर चुकी है। अब जंतर-मंतर पर हुए इस प्रदर्शन के बाद एक बार फिर NEET परीक्षा, पेपर लीक और छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन चूका  है।