कॉमनवेल्थ गेम्स का भव्य आगाज, मीराबाई चानू और लवलीना ने तिरंगा थाम भारतीय दल की अगुआई की
स्कॉटलैंड के ग्लासगो स्थित ओवो हाइड्रो एरिना में कॉमनवेल्थ गेम्स का रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें ब्रिटेन के किंग चार्ल्स और क्वीन कैमिला ने खेलों का आधिकारिक उद्घाटन किया। समारोह में भारत के 125 सदस्यीय दल की अगुआई दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और टोक्यो ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने तिरंगा लेकर की। उद्घाटन समारोह के दौरान भारत सहित 74 देशों के खिलाड़ियों ने पारंपरिक मार्च-पास्ट में हिस्सा लिया और अपनी सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भारतीय दल का उत्साह और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
भारत ने खेलों की शुरुआत भी शानदार अंदाज में की। वही उद्घाटन समारोह से पहले ही भारतीय खिलाड़ियों ने लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में दो महत्वपूर्ण जीत दर्ज कर देश के अभियान का विजयी आगाज किया। पुतुल सोनोवाल ने विश्व चैंपियन कनाडा के रेयान बेस्टर को हराकर बड़ा उलटफेर किया, जबकि महिला डबल्स में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने ग्रुप-बी के मुकाबले में माल्टा की रिक्कसन बहनों को रोमांचक टाईब्रेकर में शिकस्त दी। इसके अलावा भारतीय ध्वजवाहक लवलीना बोरगोहेन महिला 75 किलोग्राम वर्ग में सीधे सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं, जिसके साथ उनका कम से कम कांस्य पदक पहले ही सुनिश्चित हो गया है। बता दे शुरुआती मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से देश की पदक उम्मीदों को और मजबूती मिली है। अब नजरें विभिन्न स्पर्धाओं में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर टिकी हैं, जहां भारत को कई और पदकों की उम्मीद है।
