Monday, 28 September 2026
अभी का दौर

कोटा विकास प्राधिकरण ने एक दिन में वितरित किए 129 पट्टे

आपणो राजस्थान
कोटा विकास प्राधिकरण ने एक दिन में वितरित किए 129 पट्टे

कोटा विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर में मंगलवार को एक साथ 129 पट्टे वितरित किए गए। कार्यक्रम में लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने सांकेतिक रूप से 26 लाभार्थियों को मंच पर पट्टे सौंपे। लाभार्थियों ने शहरी सेवा शिविर आयोजन के लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए लाडपुरा विधायक  कल्पना देवी ने कहा कि मुख्यमंत्री  भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार आमजन को बिजली, पानी, सड़क, आवास एवं चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्राथमिकता से कार्य कर रही है।योजनाओं का क्रियान्वयन धरातल पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविरों में एक ही छत के नीचे शहरवासियों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। शिविर में पट्टों के लिए आवेदन करने वालों को कुछ ही दिनों में प्रक्रिया पूरी कर पट्टे उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने सभी का आह्वान किया कि 15 जुलाई तक आयोजित होने वाले इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में आकर इसका लाभ उठाएं। उन्होंने पट्टा प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में केडीए आयुक्त  बचनेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि इन शिविरों के दौरान राज्य सरकार द्वारा पट्टा बनवाने में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। पट्टों के लिए आवेदन करने वालों की समस्त प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा कर दस्तावेजों के आधार पर पट्टे जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केडीए के शहरी सेवा शिविर में पट्टे, निर्माण, भू-उपयोग परिवर्तन से संबंधित कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही, सड़क, नाली आदि से संबंधित शिकायतें भी सुनी जा रही हैं। आमजन के परिवाद ऑनलाइन दर्ज कर उन पर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने आह्वान किया कि शहरवासी राज्य सरकार द्वारा दी गई छूट का लाभ उठाएं। लाभार्थियों के चेहरे पर थी खुशी, व्यक्त किया आभारइस अवसर पर पट्टा प्राप्त करने वाले सभी लाभार्थियों के चेहरे पर खुशी की झलक के साथ राज्य सरकार की इस पहल के लिए कृतज्ञता का भाव भी नजर आया। विधायक  कल्पना देवी के हाथ से पट्टा प्राप्त करने बाद कोटा निवासी तनवीर जहां ने कहा कि शिविर के दौरान आवेदन के 15 दिन में उन्हें पट्टा मिल गया। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा एवं राज्य सरकार का धन्यवाद दिया। सुनीता कुमारी ने कहा कि 12 जून को पट्टे लिए आवेदन करने के बाद आज उन्हें पट्टा मिल गया है। सुमन नगर द्वितीय निवासी सुभाष चन्द्र शर्मा ने कहा कि 19 जून को शिविर में उन्होंने पट्टे के लिए आवेदन किया था और 11 दिन प्रक्रिया पूरी कर आज मुझे पट्टा मिल गया। उन्होंने राज्य सरकार एवं केडीए का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में केडीए उपायुक्त अनिल कुमार सिंघल, हर्षित वर्मा,  शिक्षा पवन, निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र माथुर सहित अन्य अधिकारी एवं पट्टा प्राप्त करने वाले लाभार्थी उपस्थित थे।