ऐची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के दूसरे दिन भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल चार मेडल अपने नाम किए। हालांकि, भारतीय दल को अभी भी अपने पहले गोल्ड मेडल का इंतजार है। शूटिंग रेंज और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) के अखाड़े में भारत ने तीन सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। इसके अलावा हॉकी, टेबल टेनिस और बैडमिंटन जैसे खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला।
शूटिंग और MMA में चार मेडल
दिन की शुरुआत पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा से हुई। रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ माने की तिकड़ी ने बेहतरीन निशाना साधते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद व्यक्तिगत स्पर्धा में भी भारत ने दो और मेडल जोड़े।
हिमांशु ढिल्लों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया, जबकि पूर्व विश्व चैंपियन रुद्रांक्ष पाटिल ने कड़ी टक्कर देते हुए ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। उधर, मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने महिलाओं की ट्रेडिशनल 60 किग्रा कैटेगरी में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश के लिए ऐतिहासिक सफलता दर्ज की।
टेबल टेनिस में पाकिस्तान को दोहरी शिकस्त
मैदान पर जब भारत और पाकिस्तान आमने-सामने आए, तो मुकाबला पूरी तरह एकतरफा रहा। टेबल टेनिस के टीम इवेंट में भारतीय महिला और पुरुष दोनों टीमों ने पाकिस्तान को 3-0 से करारी शिकस्त दी। महिला वर्ग में सुतीर्था मुखर्जी, 17 साल की युवा खिलाड़ी सिंड्रेला दास और श्रीजा अकुला की तिकड़ी ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों को कोई मौका नहीं दिया। इसके बाद पुरुष वर्ग में जी साथियान, हरमीत देसाई और पायस जैन की टीम ने भी अपने मुकाबले आसानी से जीतकर दबदबा कायम रखा।
हॉकी, कबड्डी और बैडमिंटन में भारत का दबदबा
भारतीय महिला हॉकी टीम ने इंडोनेशिया के खिलाफ मैदान पर आक्रामक खेल दिखाते हुए 17-1 से बड़ी जीत दर्ज की। वहीं, कबड्डी में डिफेंडिंग चैंपियन भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने अभियान की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की। पुरुष टीम ने जापान को 49-24 से और महिला टीम ने बांग्लादेश को 42-21 से हराया।
बैडमिंटन में लक्ष्य सेन, आयुष श्येती और किदांबी श्रीकांत के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय पुरुष टीम ने बांग्लादेश को 3-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। बॉक्सिंग के 70 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ 32 में सुमित ने थाईलैंड के बुनजोंग सिनसिरी को 5-0 से हराकर अगले दौर में कदम रखा, जबकि वुशु में रोशबीना देवी और आर्यन ने भी अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया।
