अखिल भारतीय किसान महासभा के बैनर तले आज विभिन्न किसान और मजदूर संगठनों ने जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।प्रदर्शन के दौरान किसान नेता फूलचंद बर्बर ने कहा कि मजदूरों के रोजगार की गारंटी देने वाली योजनाओं को धीरे-धीरे खत्म किया जा रहा है, जिससे गरीब और श्रमिक वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मजदूर विरोधी नीतियां अपना रही है।वहीं किसान नेता अशोक कुमार ने कहा कि "वीवीजी रामजी राज्य सरकार के पैसों से नहीं, बल्कि केंद्र सरकार के पैसों से संचालित होगी।" उन्होंने सरकार से मजदूरों और किसानों के हितों की रक्षा करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने अभिव्यक्ति की आजादी पर हो रहे कथित प्रहार का भी विरोध किया। वक्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी प्रकार का हमला स्वीकार नहीं किया जाएगा और इसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।प्रदर्शन में किसान और मजदूर संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने सरकार से जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की।
