मक्का के खेतों में मादा चीता का मूवमेंट, वन विभाग रख रहा निगरानी
राज्य समाचार
शाहाबाद उपखंड क्षेत्र के फरेदुआ गांव के निकट मक्का के खेतों में मादा चीता का मूवमेंट देखे जाने से किसानों में दहशत फैल गई। कूनो से निकलकर मादा चीता एक बार फिर गांव के समीप खेतों में पहुंच गई। चीता को देखकर खेतों में काम कर रहे किसान वहां से भाग गए और इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और चीता की तलाश शुरू कर दी। विभाग की टीम लगातार मादा चीता की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे चीता से दूरी बनाए रखें और उसके साथ किसी तरह की छेड़खानी न करें। साथ ही लोगों को अकेले खेतों अथवा जंगल में नहीं जाने और सतर्क रहने की सलाह दी गई है।