भीषण गर्मी के बीच शहर के फल बाजार इन दिनों मौसमी फलों की रंगत, खुशबू और चहल-पहल से गुलजार नजर आने लगे हैं। सड़कों के किनारे लगे ठेलों और फल मंडियों में जामुन, आम, स्ट्रॉबेरी और कच्चे नारियल की भरपूर आवक होने से सुबह से लेकर देर शाम तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इन दिनों सबसे अधिक मांग जामुन और आम की है। स्वाद के साथ-साथ स्वास्थ्यवर्धक गुणों के कारण जामुन बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की पहली पसंद बना हुआ है, जबकि आम का सीजन भी पूरे शबाब पर नजर आ रहा है। उत्तर प्रदेश से दशहरी, लंगड़ा और बदामी किस्म के आम लगातार बाजार में पहुंच रहे हैं, जिनकी खुशबू और स्वाद ग्राहकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं। वहीं लाल-गुलाबी स्ट्रॉबेरी भी लोगों, खासकर बच्चों और युवाओं को खूब पसंद आ रही है। भीषण गर्मी से राहत के लिए कच्चे नारियल और नारियल पानी की मांग में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है और शहर के प्रमुख चौराहों व बाजारों में लगे नारियल पानी के ठेलों पर दिनभर ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रहती  है। फल विक्रेताओं के मुताबिक इस वर्ष अधिकांश मौसमी फलों के दाम पिछले साल की तुलना में अधिक हैं, लेकिन इसके बावजूद लोगों की खरीदारी पर कोई खास असर नहीं पड़ रहा है। स्वाद और सेहत को प्राथमिकता देने वाले लोग महंगे दाम होने के बावजूद मौसमी फलों की जमकर खरीदारी कर रहे हैं। बढ़ती मांग और फलों की अच्छी आवक के चलते शहर के फल बाजारों में इन दिनों कारोबार भी तेज हो गया है और बाजारों में रौनक लौट आएगी