इंदौर के राजेंद्र नगर रेलवे ट्रैक पर एक युवक का अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भिजवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।मामला राजेंद्र नगर रेलवे ट्रैक के किलोमीटर क्रमांक 5/523 के पास का है। जीआरपी पुलिस के जांच अधिकारी के मुताबिक, रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव लावारिस हालत में मिला था। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि गिरने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उसकी मौत हुई। युवक कहां से आया और रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल भेज दिया है। मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जीआरपी पुलिस आसपास के क्षेत्रों और रेलवे ट्रैक से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।