एअर इंडिया की फ्लाइट लेट होने पर भड़के सांसद हनुमान बेनीवाल, बोले- उड़ानों की अव्यवस्था पर सरकार जवाबदेही तय करे

राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी  के सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को जयपुर से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के निर्धारित समय से करीब 1 घंटे 20 मिनट की देरी से उड़ान भरने पर केंद्र सरकार और एयरलाइन प्रबंधन पर नाराजगी जताई। बेनीवाल को संसद के मानसून सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले सुबह 11 बजे दिल्ली पहुंचकर विपक्षी सांसदों के साथ विभिन्न मुद्दों पर बैठक में शामिल होना था, लेकिन फ्लाइट सुबह 8:50 बजे की बजाय करीब 10:10 बजे रवाना हुई, जिससे वे समय पर दिल्ली नहीं पहुंच सके। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि देशभर में उड़ानों की लगातार देरी और अव्यवस्था से लाखों यात्री परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू इस गंभीर समस्या पर मौन हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का एयरलाइंस के संचालन और समयबद्धता पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आता। बेनीवाल ने कहा कि यात्रियों के समय का सम्मान सुनिश्चित करना और विमानन व्यवस्था में जवाबदेही तय करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, जिससे लगातार मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। उन्होंने एअर इंडिया को टैग करते हुए यह भी कहा कि उसकी उड़ानों में अक्सर देरी होती है, लेकिन न तो एयरलाइन की जवाबदेही तय की जाती है और न ही व्यवस्था में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाए जाते हैं।