राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और अगले 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर से होते हुए इसी सिस्टम तक गुजर रही है। इसके प्रभाव से मंगलवार को कोटा, उदयपुर, अजमेर और जयपुर संभाग के कई हिस्सों में मध्यम से भारी और कुछ स्थानों पर अतिभारी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में बूंदी में 145 मिमी, अंता-बारां में 98, डूंगला में 77, डीडवाना-कुचामन के नैनवा में 69 और कुराबाद में 60 मिमी बारिश हुई। मौसम केन्द्र के मुताबिक 12 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में बारिश जारी रहेगी, जबकि दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर भारी और एक-दो जगह अतिभारी बारिश की संभावना है। 13 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आने लगेगी, हालांकि पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश कमजोर होने की संभावना है, जबकि 15 अगस्त से उत्तर और उत्तर-पूर्वी राजस्थान को छोड़कर अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम हो सकती हैं। भारी बारिश की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बांसवाड़ा दौरा भी अंतिम समय में निरस्त कर दिया गया। दौरे के लिए प्रशासन ने करीब 5 हजार लोगों की क्षमता वाला 450 वर्गमीटर का वाटरप्रूफ पंडाल, एसी, कूलर, मंच और अन्य व्यवस्थाएं तैयार की थीं। बताया गया कि इन तैयारियों पर 50 लाख रुपए से अधिक खर्च हुए, लेकिन कार्यक्रम रद्द होने के बाद टेंट कर्मचारियों ने कुर्सियां और मंच हटाना शुरू कर दिया। बिलोदा ग्राम पंचायत में रात्रि चौपाल के लिए तैयार किया गया मंच भी अब उपयोग में नहीं आ सका।
48 घंटे में भारी बारिश का अलर्ट
संक्षेप में
राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है और अगले 48 घंटे प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार मध्यप्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि मानसून ट्रफ लाइन बीकानेर से होते हुए इसी सिस्टम तक गुजर रही है।
मुख्य बातें
- राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय है और अगले 48 घंटे तेज बारिश का दौर रहने की संभावना है।
- बीते 24 घंटे में बूंदी में 145 मिमी और अंता-बारां में 98 मिमी बारिश दर्ज हुई।
- 13 अगस्त से बारिश की गतिविधियां कम होने लगेंगी, जबकि 15 अगस्त से अधिकांश हिस्सों में बारिश कमजोर पड़ सकती है।
जयपुर संभाग

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
राजस्थान में अगले कितने घंटे बारिश तेज रहने की संभावना है?
अगले 48 घंटे बारिश का दौर तेज रहने की संभावना है।
सबसे ज्यादा बारिश कहां दर्ज हुई?
बीते 24 घंटे में बूंदी में 145 मिमी बारिश दर्ज की गई।