छिंदवाड़ा। शिक्षक दिवस एवं छिंदवाड़ा नगर गौरव दिवस के अवसर पर नगर निगम छिंदवाड़ा की सहयोगी संस्था मॉडल फ्यूचर द्वारा संचालित टी-वर्ल्ड स्कूल एवं मानव अधिकार मिशन के संयुक्त तत्वावधान में गोधूलि वृद्ध आश्रम में सेवा, सम्मान एवं संवेदना से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्ध आश्रम में निवासरत बुजुर्गों को जीवनोपयोगी औषधियां वितरित की गईं तथा उनका आशीर्वाद लिया गया।

गौरव दिवस मनाने की परंपरा

टी-वर्ल्ड स्कूल द्वारा पिछले 11 वर्षों से लगातार 5 सितंबर को वृद्ध आश्रम पहुंचकर शिक्षक दिवस एवं छिंदवाड़ा गौरव दिवस मनाने की परंपरा निभाई जा रही है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज की नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति सम्मान एवं सेवा का भाव विकसित करने का संदेश देना है।

बुजुर्ग हमारे वास्तविक गुरु

कार्यक्रम में मॉडल फ्यूचर संस्था की अध्यक्ष आयशा लोधी ने कहा कि हमारे बुजुर्ग हमारे वास्तविक गुरु हैं। उनके जीवन के अनुभव किसी किताब से कम नहीं हैं। शिक्षक दिवस पर उनके बीच पहुंचकर सेवा करना और उनका आशीर्वाद प्राप्त करना सम्मान के साथ-साथ सीखने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों से इस परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाना संस्था के लिए गर्व का विषय है।

बुजुर्ग हमारे लिए शिक्षक-संचालक

टी-वर्ल्ड स्कूल के संचालक मोहम्मद इस्माइल कुरैशी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे लिए केवल शिक्षक नहीं, बल्कि अपने आप में एक संस्था हैं। उनके अनुभव, संस्कार और जीवन संघर्ष नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। शिक्षक दिवस पर बुजुर्गों की सेवा और सम्मान उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।