पंचायत समिति झुंझुनूं में आयोजित सेवा सेतु शिविर का जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर विभिन्न विभागों के माध्यम से दी जा रही सेवाओं और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया का जायजा लिया।
शिविर के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आमजन से जुड़ी हर शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार की मंशा है कि नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए अलग-अलग दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, बल्कि एक ही छत के नीचे तमाम सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सके।
मौके पर मौजूद रहे अधिकारी
निरीक्षण के दौरान झुंझुनूं एसडीएम रामकरण सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के तहत विभिन्न विभागों की टीमें एक साथ समन्वय बनाकर काम कर रही हैं, ताकि शिविर में पहुंचने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील
प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों से अपील की गई है कि वे सेवा सेतु शिविरों में पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को आम आदमी की पहुंच के और अधिक करीब लाना है।
