जयपुर के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। लंबे समय से सीमित ट्रेनों के संचालन तक सिमटा खातीपुरा सैटेलाइट स्टेशन अब राजधानी के दूसरे बड़े रेलवे हब के रूप में विकसित होने जा रहा है। रेलवे ने यहां से नियमित ट्रेनों के संचालन का दायरा बढ़ाने का फैसला किया है, जिसके तहत शनिवार से तीन जोड़ी यानी छह ट्रेनों का विस्तार खातीपुरा तक किया जायेगा है। इसके अलावा आने वाले समय में जोधपुर-जयपुर इंटरसिटी, रींगस-जयपुर स्पेशल, श्रीगंगानगर-जयपुर एक्सप्रेस, श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज एक्सप्रेस और जयपुर-रेवाड़ी पैसेंजर समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनों को यहां से संचालित करने की तैयारी है। आपको बता दे वर्तमान में इन ट्रेनों के यात्रियों को जयपुर जंक्शन या गांधीनगर स्टेशन तक जाना पड़ता है, लेकिन खातीपुरा से संचालन बढ़ने पर बड़ी संख्या में यात्रियों को सुविधा मिलेने की उम्मीद है... वही रेलवे ने खातीपुरा स्टेशन पर करीब 205 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक कोच केयर कॉम्प्लेक्स तैयार किया है, जिसका उद्घाटन जल्द होने की संभावना जताई जा है। इस कॉम्प्लेक्स में ट्रेनों की सफाई, रखरखाव और तकनीकी निरीक्षण की सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। नए डिपो में वॉशिंग लाइन, इंस्पेक्शन बे, कवर्ड सिक शेड, स्टेबलिंग लाइन और व्हील लेथ जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे ट्रेनों को मेंटीनेंस के लिए जयपुर जंक्शन भेजने की आवश्यकता नहीं रहेगी और संचालन अधिक सुचारु रूप से चल सकेगा। रेलवे की दीर्घकालिक योजना खातीपुरा को जयपुर जंक्शन के वैकल्पिक टर्मिनल स्टेशन के रूप में विकसित करने की है। स्टेशन पर हैरिटेज लुक वाला नया भवन, हाईलेवल प्लेटफॉर्म, नई लूप लाइनें, फुट ओवरब्रिज, पार्किंग, प्रतीक्षालय और अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं विकसित की गई हैं। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में यहां से ट्रेनों की संख्या लगातार बढ़ सकती है... जिससे जयपुर जंक्शन पर दबाव कम होगा और हजारों यात्रियों को अधिक और तेज सुविधा रेल सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है....
