राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में शुक्रवार को CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन और तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। दोपहर 3 बजे से मध्य दिल्ली के 21 प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है, जिसके चलते इन रास्तों से गुजरने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।
इन 21 रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्ट
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे से जिन रास्तों पर आवाजाही प्रभावित रहेगी, उनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेम्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग और 'सी' हेक्सागन शामिल हैं।
इसके अलावा मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाक खाना, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जीपीओ से 'सी' हेक्सागन तक अशोक रोड, तिलक मार्ग, टॉल्सटॉय मार्ग और सिकंदरा रोड पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने यात्रियों से निजी वाहनों के बजाय पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है।
मार्च को लेकर पुलिस और CJP आमने-सामने
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लोगों से शुक्रवार को सेंट्रल पार्क पहुंचकर 'लहरा दो तिरंगा' मार्च में शामिल होने की अपील की थी। यह विवाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञान कुमार के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन के बीच सामने आया है। CJP ने सोशल मीडिया और प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए 16 अक्टूबर को शाम 5 बजे झंडे के साथ जुटने का आह्वान किया था।
दूसरी ओर, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए लोगों से इस मार्च से दूर रहने की अपील की है। हालांकि, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ लोगों को किसी तय स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की सीमित अनुमति दी जा सकती है। कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में पहले से ही निषेधाज्ञा लागू है।
NDMC ने बंद किया सेंट्रल पार्क
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि 'प्रशासनिक कारणों' से सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को आम जनता के लिए बंद रहेगा। NDMC ने पार्क परिसर में किसी भी तरह के अनधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का अनुरोध किया है। दिल्ली पुलिस ने लोगों को पहले से ही यात्रा की योजना बनाने और वैकल्पिक रास्तों का चयन करने की हिदायत दी है।
