झुंझुनूं जिले की सुलताना थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन और उसके गैंग का खुलासा किया है। शादी करवाने के नाम पर युवक के परिवार से लाखों रुपए ठगने और दुल्हन के जेवरात व नकदी लेकर फरार होने के मामले में पुलिस ने कथित दुल्हन समेत गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार किठाना निवासी सत्यवीर जाट ने 2 जून 2026 को सुलताना थाने में रिपोर्ट दी थी कि उसके पुत्र अशोक की शादी करवाने का झांसा देकर आरोपियों ने उससे 2 लाख 10 हजार रुपए ले लिए। आरोपियों ने शादी भी करवा दी। लेकिन दुल्हन अगले ही दिन घर से जेवरात और 10 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गई। परिवादी ने बताया कि घरड़ाना खुर्द निवासी अशोक कुमार से उसकी जान-पहचान थी। अशोक कुमार ने शादी करवाने के लिए रुपए मांगे थे। परिवार ने भरोसा कर रकम दे दी। लेकिन बाद में पूरा मामला ठगी का निकला। मामले की जांच कर रहे एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि घटना के दूसरे दिन ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के दो सदस्यों किशनलाल और अशोक को गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया था। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की मदद से गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी रखी। पुलिस ने जिला उदयपुर के सोम क्षेत्र से कथित दुल्हन संतोष देवी और उसके सहयोगी सुंदरलाल को दस्तयाब कर सुलताना थाने लाया। पूछताछ में सामने आया कि गैंग शादी का झांसा देकर लोगों को निशाना बनाता था और शादी के तुरंत बाद दुल्हन को फरार करवा देता था। पूछताछ के बाद संतोष देवी और सुन्दरलाल को न्यायलय में पेश किया गया। कोर्ट ने दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
