सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मीनू राज प्रजापत और उनके परिवार पर कोटकासिम क्षेत्र के सारणवास गांव में शनिवार शाम हथियारों से लैस पड़ोसियों ने हमला कर दिया। बाजरे की कड़बी काटने वाले थ्रेशर की दिशा को लेकर हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया।
इस घटना में मीनू राज, उनके पति कुलदीप उर्फ केडी समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं। मीनू राज और उनके पति के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
क्या था पूरा विवाद?
घटना के पीछे की वजह आपसी रंजिश नहीं, बल्कि घर के पास चल रहा कृषि कार्य था। मीनू राज के मुताबिक, उनके घर के पास थ्रेशर से पशुओं के चारे के लिए बाजरे की कड़बी की कुट्टी कटवाई जा रही थी।
कड़बी की दिशा मीनू राज के घर की ओर होने के कारण सारा कचरा और धूल उनके घर के अंदर आ रही थी। इसी बात पर उनके पति कुलदीप ने थ्रेशर मशीन की दिशा बदलने का आग्रह किया। पड़ोसी इस बात पर भड़क गए और विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने घर पर हमला बोल दिया।
घायलों की स्थिति और पुलिस कार्रवाई
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिवार के चार सदस्यों को गंभीर हालत में अलवर के राजीव गांधी सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
