ब्यावर में आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हो गई हैं। जिला कलेक्ट्रेट के नवीन वीडियो कॉन्फ्रेंस हॉल में हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के दौरान मतदाता सूची के अद्यतन कार्यों और आगामी पंचायत चुनावों की तैयारियों का जायजा लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाओं से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
बूथों पर बुनियादी सुविधाओं के निर्देश
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर कमल राम मीना ने रविवार को आयोजित बैठक के दौरान विधानसभा क्षेत्रवार मतदाता सूचियों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करें।
निरीक्षण के बाद अधिकारियों को वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। बैठक में विशेष तौर पर निर्देश दिए गए कि प्रत्येक पोलिंग बूथ पर पेयजल और पर्याप्त रोशनी का पुख्ता बंदोबस्त होना चाहिए। इसके अलावा, बुजुर्ग मतदाताओं और विशेष योग्यजन श्रेणी के लोगों के लिए रैंप व अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को प्राथमिकता पर रखा गया है।
18-19 आयु वर्ग के पंजीकरण पर जोर
मतदाता सूची के विशेष अभियान के तहत 18 से 19 वर्ष की आयु के नए युवाओं के नाम जोड़ने के कार्यों की भी समीक्षा की गई। फॉर्म संख्या-6 के जरिए आ रहे आवेदनों पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान सूची में छूट न जाए।
बैठक में साल 2026 में होने वाले पंचायत आम चुनावों की तैयारियों का भी खाका खींचा गया। निर्वाचन अधिकारियों से कहा गया कि वे सभी चुनावी प्रबंध समय सीमा के भीतर पूरे करें और आपसी तालमेल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
समीक्षा बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ब्रह्मलाल जाट, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धनदान देथा के साथ-साथ सभी उपखंड अधिकारी, तहसीलदार और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी मौजूद रहे।
