ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर शुरू हुई प्रेम कहानी का चौंकाने वाला अंत सामने आया है। शादी के सपने लेकर कनाडा से भारत आई 61 साल की महिला को यहां पहुंचने के बाद युवक ने अपनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया और युवक को हिरासत में ले लिया गया है।
यह पूरा वाकया राजस्थान के नीमराना का है। पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत के रहने वाले नितिन से इस कनाडाई महिला की मुलाकात करीब एक साल पहले एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला बढ़ा, जो बाद में प्यार में बदल गया। रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए दोनों ने शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया था।
टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली पहुंची थी महिला
तय योजना के मुताबिक, महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर नई दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। युवक खुद उसे रिसीव करने के लिए एयरपोर्ट पर मौजूद था। इसके बाद वह महिला को नीमराना स्थित अपने रिश्तेदारों के फ्लैट पर ले गया, जहां दोनों करीब दो दिन तक साथ रहे।
लेकिन जब शादी की बात आगे बढ़ी, तो युवक अपने वादे से पीछे हट गया। उसने महिला की उम्र करीब 61 साल होने का हवाला दिया और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। उम्र को लेकर उपजे इस विवाद के बाद दोनों के बीच कहासुनी और खींचतान बढ़ गई।
दूतावास की दखल के बाद पहुंची पुलिस
शादी से इनकार के बाद जब बात नहीं बनी, तो महिला ने सीधे कनाडा दूतावास से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी दी। दूतावास की ओर से मामले की सूचना मिलने के बाद नीमराना थाना पुलिस हरकत में आई। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
फिलहाल पुलिस ने युवक नितिन को डिटेन कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है। ऑनलाइन माध्यमों से पनपने वाले रिश्तों में भरोसे और धोखे का यह कोई पहला मामला नहीं है, लेकिन इस बार सरहद पार तक बात पहुंच जाने के कारण यह चर्चा का विषय बन गया है।
