आगर-मालवा जिले के नलखेड़ा में मां बगलामुखी मंदिर के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। भारी बारिश के बीच पानी के तेज बहाव में एक चार पहिया वाहन बहकर पुलिया से नीचे जा गिरा। इस हादसे में वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में तीन बच्चे, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
यह घटना देर रात करीब 12 बजे के बाद की है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि तेज बारिश के कारण इलाके की पुलिया पर पानी का बहाव काफी बढ़ गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मौके पर बैरिकेडिंग की गई थी। इसके बावजूद वाहन चालक ने उफनते पानी के बीच से कार निकालने की कोशिश की, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरा।
ओडिशा के थे यात्री, उज्जैन का था चालक
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। राहत एवं बचाव दल ने रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन को पानी से बाहर निकाला और उसमें फंसे सभी लोगों को निकाला गया।
प्रारंभिक छानबीन में पता चला है कि वाहन में सवार लोग ओडिशा के रहने वाले थे, जबकि कार का चालक उज्जैन का निवासी बताया जा ज्या रहा है। पुलिस ने सभी आठों शवों को पोस्टमार्टम के लिए नलखेड़ा के सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
