नसीराबाद में शहीद-ए-आजम भगत सिंह के 119वें जन्मोत्सव पर शहीद भगत सिंह यूनिट जाटिया की ओर से एक विशाल वाहन रैली का आयोजन किया गया। देशभक्ति के जज्बे से ओतप्रोत इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर 'भारत माता की जय' और 'इंकलाब जिंदाबाद' के गगनभेदी नारे लगाए।
कई गांवों से गुजरी रैली, युवाओं ने दिखाया शौर्य
रैली जाटिया से रवाना होकर बलवंता, दांता, सिरोला और बीर सहित आसपास के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से होकर गुजरी। इस दौरान युवाओं ने देशभक्ति गीतों की धुन पर जमकर जयकारे लगाए।
रैली के मार्ग में युवाओं ने अखाड़ा प्रदर्शन भी किया, जिसमें शौर्य और साहस के करतब दिखाए गए। वाहनों के लंबे काफिले और आतिशबाजी के साथ हुए इस आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों के किनारे मौजूद रहे।
सात दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन
शहीद भगत सिंह यूनिट के सदस्यों के मुताबिक, क्रांतिकारी भगत सिंह के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत वाहन रैली के अलावा नुक्कड़ सभाएं, घर-घर संपर्क अभियान और बच्चों को भगत सिंह की जीवनी से परिचित कराने के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि भगत सिंह का जीवन त्याग और राष्ट्रभक्ति की ऐसी मिसाल है जो पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। युवाओं को उनके विचारों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर अपने जीवन में उतारने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम के अंत में अजमेर मार्ग स्थित बालाजी मंदिर पर प्रसाद चढ़ाया गया और केक काटकर आतिशबाजी के साथ उत्सव का समापन किया गया।
