झारखंड के पलामू जिले से एक अजीब मामला सामने आया है। यहां बिश्रामपुर विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के विधायक नरेश प्रसाद सिंह घासीदाग गांव में एक धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में धुरिया नदी पार करने के लिए वे एक स्थानीय ग्रामीण के कंधे पर सवार हो गए, लेकिन बीच धारा में संतुलन बिगड़ने से दोनों पानी में जा गिरे।
यह घटना उस समय हुई जब विधायक का काफिला घासीदाग गांव की तरफ बढ़ रहा था। रास्ते में धुरिया नदी पर पक्का पुल न होने के कारण पानी से गुजरने की मजबूरी थी। पैदल पार करने के बजाय विधायक ग्रामीण के कंधों पर बैठ गए, लेकिन कुछ दूर चलते ही पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी की चपेट में आ गए।
घुटनों तक था पानी, टला बड़ा हादसा
घटना के वक्त नदी में पानी का स्तर घुटनों तक ही था, जिसकी वजह से दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई। वहां मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत दौड़कर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वर्षों से पुल की मांग कर रहे ग्रामीण
घासीदाग गांव के लोगों का कहना है कि वे लंबे समय से धुरिया नदी पर पुल बनाए जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की उदासीनता के चलते अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो जाता है।
