ऊर्जा के मोर्चे पर राजस्थान ने पिछले कुछ वर्षों में बुनियादी ढांचे से लेकर ट्रांसमिशन तक बड़ी छलांग लगाई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार ने अपने 34 महीने के कार्यकाल में बिजली उत्पादन, सौर ऊर्जा और ग्रिड नेटवर्क के विस्तार में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। राज्य में इस अवधि के दौरान सौर ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 28,303 मेगावाट की वृद्धि दर्ज की गई है।
जयपुर में ऊर्जा विभाग के आंकड़ों के हवाले से मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के चलते आज प्रदेश के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय दो अलग-अलग ब्लॉकों में बिजली मिल रही है। शहरी कस्बों से लेकर दूरदराज की गांव-ढाणियों तक गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उत्पादन और ट्रांसमिशन में पांच गुना तक उछाल
सरकार के मुताबिक, पिछले 34 महीनों में राज्य के उपयोग के लिए बिजली उत्पादन क्षमता में 10,920 मेगावाट की बढ़ोतरी हुई है। इसकी तुलना में पिछली कांग्रेस सरकार के पूरे पांच साल के कार्यकाल में यह आंकड़ा 3,958 मेगावाट तक ही पहुंच पाया था। अगर कांग्रेस शासन के शुरुआती 34 महीनों से तुलना की जाए, तो मौजूदा सरकार का यह प्रदर्शन लगभग पांच गुना अधिक है।
उत्पादित बिजली को सुचारु रूप से उपभोक्ता तक पहुंचाने के लिए हाई-वोल्टेज ग्रिड सब-स्टेशनों का जाल भी तेजी से बिछाया जा रहा है। पिछले 34 महीनों में प्रदेशभर में:
- 400 केवी क्षमता के 2 ग्रिड सब-स्टेशन
- 220 केवी क्षमता के 9 ग्रिड सब-स्टेशन
- 132 केवी क्षमता के 51 ग्रिड सब-स्टेशन
- 33 केवी के 532 सब-स्टेशन स्थापित किए जा चुके हैं।
इसके विपरीत, पिछली सरकार के पूरे पांच साल के कार्यकाल में 400 केवी का केवल 1, 220 केवी के 5 और 132 केवी के 38 सब-स्टेशन ही बन पाए थे।
पीएम कुसुम योजना में देश में नंबर वन
सौर ऊर्जा के मामले में राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी स्थिति मजबूत की है। प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत राज्य में अब तक 5.57 गीगावॉट विकेंद्रीकृत सौर ऊर्जा क्षमता स्थापित हो चुकी है, जो देश के सभी राज्यों में सबसे ज्यादा है। इस योजना से प्रदेश के 3 लाख 78 हजार से अधिक किसानों को सीधा लाभ मिला है।
विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम्स) की आर्थिक सेहत में भी सुधार देखा गया है। वित्तीय मोर्चे पर अजमेर डिस्कॉम ने वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान 825 करोड़ रुपये और जयपुर डिस्कॉम ने वित्त वर्ष 2025-26 में 931 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के समय डिस्कॉम लगातार घाटे में रहे और विद्युत तंत्र कुप्रबंधन का शिकार हुआ, जिसके कारण आम उपभोक्ताओं को बिजली के लिए संघर्ष करना पड़ा था।
