राजस्थान की महिलाओं के लिए घर बैठे रोजगार के नए रास्ते खुल गए हैं। मुख्यमंत्री वर्क फ्रॉम होम-जॉब वर्क योजना के तहत विभिन्न कंपनियों और संस्थाओं में कुल 8,910 अवसर उपलब्ध कराए गए हैं। राज्य की योग्य महिलाएं आधिकारिक पोर्टल के जरिए इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
इस योजना के तहत डेटा एंट्री, सिलाई कार्य और डिजिटल कार्यों से जुड़े स्किल-बेस्ड रोजगार दिए जा रहे हैं। हर कार्य के लिए योग्यता, अनुभव और आवेदन की अंतिम तिथि अलग-अलग निर्धारित की गई है।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक महिला का राजस्थान का मूल निवासी होना अनिवार्य है। योजना के पोर्टल पर उपलब्ध अलग-अलग अवसरों के लिए शैक्षणिक योग्यता भी अलग-अलग तय की गई है।
कई नौकरियों के लिए सामान्य साक्षरता या 8वीं पास होना ही पर्याप्त है, जबकि कुछ तकनीकी या विशेष पदों पर अधिक शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की मांग की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि आवेदन करने से पहले संबंधित पद की पात्रता शर्तों को ध्यान से पढ़ लें।
जरूरी दस्तावेज और ऑनलाइन प्रक्रिया
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। इसके लिए उम्मीदवारों को कुछ अहम दस्तावेज तैयार रखने होंगे। आवेदन के दौरान जन आधार कार्ड, आधार कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र (यदि लागू हो), मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपलोड करनी होगी। विशेष श्रेणी की महिलाओं को अपने श्रेणी से जुड़े प्रमाण पत्र भी देने होंगे।
आवेदन करने का तरीका:
- सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल mahilawfh.rajasthan.gov.in पर जाएं।
- पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने के बाद लॉगिन करें।
- 'Opportunity List' में जाकर उपलब्ध नौकरियों की सूची देखें।
- अपनी योग्यता के अनुसार पसंद के पद पर 'Apply Now' पर क्लिक करें।
- अपनी जानकारी और जरूरी दस्तावेज अपलोड कर फॉर्म सबमिट कर दें।
किन सेक्टरों में मिल रहा है काम?
इस योजना के तहत महिलाओं को उनकी स्किल के आधार पर कई तरह के काम दिए जा रहे हैं। इसमें मुख्य रूप से डेटा एंट्री ऑपरेटर, सिलाई और हस्तशिल्प कार्य, ऑनलाइन डिजिटल कार्य और अन्य कौशल आधारित गतिविधियां शामिल हैं। अलग-अलग संस्थाएं अपनी जरूरत के हिसाब से उम्मीदवारों का चयन कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
