राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। प्रदेश से गुजर रही मानसून ट्रफ लाइन फिलहाल बीकानेर के ऊपर सक्रिय है, जिसके प्रभाव से अगले चार से पांच दिनों तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक  आज 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि कुछ इलाकों में अति भारी बारिश की चेतावनी भी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पूर्वी राजस्थान और आसपास के क्षेत्र के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र तथा सामान्य स्थिति में बनी मानसून ट्रफ के कारण बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। इससे प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और जलभराव जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में जोरदार बारिश हुई वही  सबसे अधिक 225 मिमी बारिश ब्यावर जिले के बदनोर में रिकॉर्ड की गई, जबकि ब्यावर शहर में 110 मिमी वर्षा हुई। भीलवाड़ा के आसींद और बागौर में 120-120 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा झालावाड़ के अकलेरा में 81 मिमी और झालरापाटन में 73 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। धौलपुर, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और बारां समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई और कई स्थानों पर जनजीवन प्रभावित रहा।

लगातार हो रही बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। राजधानी जयपुर का अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 27 डिग्री, अलवर में 30 डिग्री, कोटा में 29.8 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 29.6 डिग्री और डूंगरपुर में 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अभी भी बना हुआ है। जैसलमेर 40 डिग्री और बाड़मेर 39.3 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहे। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।