राज्य में पंचायत चुनाव का अंतिम चरण सोमवार को पूरा हो रहा है। हाईकोर्ट की ओर से चुनाव संपन्न कराने की तय अंतिम तिथि 15 नवंबर पीछे छूटने के बाद, अब 16 नवंबर को सबसे बड़े और अंतिम दौर का मतदान होगा। इस चरण में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी, जिसके तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी।
इस अंतिम चरण में 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 33,885 वार्ड पंचों के भाग्य का फैसला होना है। देर रात तक सभी चुनावी नतीजे आने की उम्मीद है, जबकि मंगलवार को उपसरपंचों का चुनाव संपन्न होने के बाद मतदान दल गांवों से वापस लौटेंगे। इसके साथ ही राजस्थान में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों का यह लंबा दौर समाप्त हो जाएगा।
तय तारीख क्यों चूकी?
राज्य निर्वाचन आयोग ने हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान यह भरोसा दिलाया था कि 15 नवंबर तक सभी निकाय और पंचायत चुनाव पूरे करा लिए जाएंगे। हालांकि, राज्य सरकार की ओर से पंचायतों की लॉटरी प्रक्रिया में हुई देरी के कारण आयोग का शेड्यूल पटरी से उतर गया।
लॉटरी में देरी की वजह से तय समयसीमा के भीतर चुनाव कराना संभव नहीं हो सका। हालांकि, अधिकांश चुनावी प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी थी। जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनाव पहले ही संपन्न हो चुके हैं और अब सिर्फ इन्हीं 3,747 ग्राम पंचायतों में वोटिंग शेष थी।
चारों चरणों के आंकड़े
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत चुनाव के चारों चरणों में मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है:
चरण ग्राम पंचायत / सरपंच वार्ड पंच कुल मतदाता कुल सरपंच प्रत्याशी
प्रथम चरण
3,314
28,682
83,33,402
16,795
द्वितीय चरण
3,626
33,734
1,05,65,944
21,839
तृतीय चरण
3,716
34,218
1,05,88,037
22,232
अंतिम चरण
3,747
33,885
1,05,94,285
22,158
अंतिम चरण में 1 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जिसके लिए सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
निंबाहेड़ा में बैलेट पेपर के क्रम को लेकर विवाद
दूसरी ओर, चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा क्षेत्र में बैलेट पेपर पर प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिन्ह के क्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शंभूपुरा और मांगरोल पंचायतों में एक ही नाम (अंकित) के उम्मीदवारों को अलग-अलग क्रम पर रखे जाने से चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शंभूपुरा पंचायत के सरपंच चुनाव के बैलेट पेपर में 'अंकित' नाम के प्रत्याशी को पहला क्रम दिया गया है, जबकि मांगरोल पंचायत में 'अंकित जाट' को अजय जाट के बाद दूसरा क्रम मिला है। एक जैसी चयन प्रक्रिया होने के बावजूद दोनों जगह स्थिति अलग होने पर सवाल उठ रहे हैं।
इस मामले पर रिटर्निंग ऑफिसर ने स्पष्ट किया है कि मांगरोल में चुनाव आयोग की नियमावली के तहत सही क्रम तय किया गया है, जबकि शंभूपुरा में नाम के क्रम निर्धारण के दौरान मानवीय चूक हुई थी। फिलहाल निर्वाचन विभाग के आधिकारिक रुख और इस पर होने वाली अगली कार्रवाई का इंतजार है।
