झारखंड के रांची में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे हजारों छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया। छात्र विधानसभा के करीब पहुंचकर धरने पर बैठ गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए कंटीले तारों की बैरिकेडिंग और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों की ओर से पुलिस पर पानी की बोतलें और चप्पलें फेंकी गईं, जबकि कई छात्र कंटीले तारों वाली बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और वाटर कैनन के सामने डांस करते नजर आए। विधानसभा की सुरक्षा को देखते हुए पूरे इलाके में छह लेयर की सुरक्षा व्यवस्था की गई है और CCTV कैमरों से प्रदर्शनकारियों पर नजर रखी जा रही है। छात्र झारखंड PSC-SSC की परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर पिछले 17 दिनों से आंदोलन कर रहे हैं, वहीं छह छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हैं। नौ दिन से भूख हड़ताल कर रहे देवेंद्रनाथ महतो भी एंबुलेंस से विधानसभा मार्च में शामिल हुए। इस बीच भाजपा विधायक भी छात्रों के समर्थन में मुख्यमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठ गए, जिन्हें बाद में पुलिस ने वहां से हटा दिया। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र भी चल रहा है। सोमवार को भाजपा विधायक सदन की कार्यवाही में शामिल नहीं हुए, जिसके बाद सदन की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। छात्रों का कहना है कि जब तक परीक्षा में कथित धांधली के मामले में कार्रवाई और परीक्षाएं रद्द करने की मांग पूरी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।