राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) झुंझुनूं की ओर से संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आज 'एक दौड़ राष्ट्र के नाम' युवा मैराथन का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।मैराथन दौड़ का शुभारंभ शहीद स्मारक से किया गया, जो सेठ मोतीलाल कॉलेज तक आयोजित हुई। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक राजेंद्र भांबू, पूर्व उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढुकिया, भाजपा नेता निषित चौधरी, तथा संघ के पदाधिकारियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।कार्यक्रम में शामिल युवाओं ने अनुशासन और उत्साह के साथ दौड़ पूरी करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। आयोजकों ने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला में झुंझुनूं में इस युवा मैराथन का आयोजन किया गया, ताकि नई पीढ़ी को राष्ट्र सेवा और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित किया जा सके।इस अवसर पर भाजपा नेता निषित चौधरी ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। यदि उनमें राष्ट्र प्रेम, अनुशासन और सेवा की भावना विकसित हो जाए तो देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि संघ का शताब्दी वर्ष केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को संगठित करने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।कार्यक्रम में उपस्थित महामंडलेश्वर अर्जुन दास महाराज ने भी युवाओं को संबोधित करते हुए राष्ट्र, संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, अनुशासित जीवन और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही एक मजबूत भारत की पहचान है।मैराथन मे युवाओं ने राष्ट्रहित में सदैव योगदान देने, सामाजिक सद्भाव बनाए रखने और देश सेवा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।