शहर के अंबेडकर वार्ड स्थित धरमपुरा क्षेत्र में इस वर्ष भी श्री वक्रतुंड बाल गणेश समिति की ओर से गणेशोत्सव की धूम है। समिति पिछले करीब 13 वर्षों से लगातार यहाँ गणेश प्रतिमा स्थापित कर रही है। इस बार पंडाल में छाता लगाए हुए बाल गणेश की मनमोहक प्रतिमा सजाई गई है, जो यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं के बीच मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
13 वर्षों से परंपरा जारी
समिति के अध्यक्ष कार्तिक जाट के मुताबिक, हर वर्ष गणेशोत्सव के दौरान भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ अलग-अलग थीम पर आकर्षक झांकियां सजाई जाती हैं। धरमपुरा क्षेत्र में चल रहे इस 10 दिवसीय आयोजन में रोजाना सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी सैकड़ों श्रद्धालु रोजाना यहाँ आ रहे हैं, जिसे लेकर समिति ने विशेष प्रबंध किए हैं।
10 दिनों तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम
उत्सव के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं। इनमें रामायण पाठ, सुंदरकांड, बच्चों की खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नृत्य प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा उत्सव के अंतिम दिनों में महाआरती, छप्पन भोग और विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
