बड़वानी जिले के ग्राम चारणखेड़ा में ग्रामीणों को पिछले तीन महीने से सरकारी राशन नहीं मिल रहा है। सोमवार को 70 से अधिक ग्रामीणों ने पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल से मुलाकात कर इसकी शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप है कि सेल्समैन केवल पर्चियां दे रहा है, लेकिन राशन उपलब्ध नहीं करा रहा है। ग्रामीणों ने पूर्व मंत्री को बताया कि राशन दुकान के सेल्समैन चम्पालाल मोरे द्वारा उन्हें तीन महीने से राशन नहीं दिया गया है। उनका आरोप है कि सेल्समैन राशन को गाड़ी में भरकर व्यापारियों को बेच देता है। कई परिवारों में भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद तत्काल कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भूरमल बामनिया को मौके पर बुलाया। अधिकारी ने ग्रामीणों से बात की, जिन्होंने उन्हें पूरी स्थिति से अवगत कराया। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ने तत्काल सेल्समैन चम्पालाल मोरे को फोन पर फटकार लगाई और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की बात कही। ग्रामीण रामसिंह ने बताया कि वे पिछले तीन महीने से राशन दुकान के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ राशन उपलब्ध होने की पर्चियां दी जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सेल्समैन अंगूठा लगवा लेता है, लेकिन राशन नहीं देता। ग्रामीणों ने इस संबंध में स्थानीय सरपंच और सचिव को भी कई बार बताया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। गोलू, कोल, सतीश, पंकज, अमर सहित अन्य ग्रामीण भी राशन न मिलने से परेशान होकर पूर्व कैबिनेट मंत्री से गुहार लगाने पहुंचे थे।पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल ने बताया कि ग्रामीणों को पिछले तीन महीने से राशन नहीं मिला ग्रामीण मेरे पास आए थे अधिकारियों को मौके पर बुलाकर ग्रामीणों से बात करवाई अधिकारियों ने तत्काल समस्या के समाधान की बात कही है।कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी भूरमल बामनिया ने बताया कि ग्राम चारणखेड़ा के ग्रामीणों से मिला था तीन महीने से राशन नहीं मिलने की शिकायत मिली है। टिम को लेकर ग्रामीणों के साथ ग्राम चारण खेड़ा जा रहा हूं। यदि ग्रामीणों के राशन की सेल्समैन चम्पालाल मोरे द्वारा हेराफेरी की गई होगी तो तत्काल सेल्समैन पर एफआईआर दर्ज कराएंगे।
