असम में भीषण बाढ़ से प्रभावित और बेघर हुए परिवारों की मदद के लिए अभिनेता सलमान खान ने राहत और पुनर्वास अभियान में सहयोग का फैसला किया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान खान की संस्था ‘बीइंग ह्यूमन’ और एक एनजीओ के साथ मिलकर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 500 सेमी-पर्मानेंट घर बनाए जाएंगे। ये घर बांस और टिन की छत से तैयार किए जाएंगे, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों के अनुकूल रह सकें और प्रत्येक घर की अनुमानित लागत 35 से 40 हजार रुपए के बीच होगी। बताया गया है कि सबसे ज्यादा प्रभावित गांव नेपाली खुटी में अब तक करीब 220 घरों का निर्माण पूरा हो चुका है और इन्हें प्रभावित परिवारों को सौंपने की प्रक्रिया चल रही है। रिपोर्ट के अनुसार, राहत अभियान में पहले से पुनर्वास की योजना शामिल थी, लेकिन अभिनेता रणदीप हुड्डा को मौके पर राहत कार्य करते देखने के बाद सलमान खान ने अभियान को और तेज करने में मदद करने का फैसला किया। रणदीप हुड्डा की एक कॉमन दोस्त के जरिए सलमान से बातचीत हुई, जिसके बाद सलमान राहत अभियान से जुड़े। Global Sikhs के संस्थापक अमरप्रीत सिंह के मुताबिक, सलमान ने उनसे बातचीत के दौरान मदद का भरोसा देते हुए कहा कि वे चिंता न करें। राहत टीम के करीब 70 लोग अभियान में काम कर रहे हैं और एक दिन में 8 से 10 घर बनाने की क्षमता के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास पर काम जारी है।