सांवलियाजी को 25.65 लाख की चांदी की 19 सिल्लियां चढ़ाई , मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु ने किया दान

चित्तौड़गढ़ स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर आस्था और श्रद्धा का अनूठा उदाहरण पेश किया। बता दे मध्यप्रदेश के देवास जिले के सोहनगंज क्षेत्र से परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालु ने भगवान सांवलिया सेठ को 11 किलो 400 ग्राम वजन की 19 चांदी की सिल्लियां भेंट कीं, जिनकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 25.65 लाख रुपये आंकी गई है। श्रद्धालु ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करते हुए मंदिर प्रशासन को बताया कि उसने अपने बेटे से जुड़ी एक विशेष मन्नत मांगी थी, जो पूरी होने के बाद वह धन्यवाद स्वरूप यह चढ़ावा लेकर मंदिर पहुंचा। मंदिर प्रशासन ने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चांदी की सिल्लियों को मंदिर के सुरक्षित भंडार में जमा करा दिया। राजस्थान सर्राफा संघ के प्रदेश महामंत्री किशन पिछोलिया के अनुसार वर्तमान बाजार भाव के आधार पर 11 किलो 400 ग्राम चांदी का मूल्य लगभग 25 लाख 65 हजार रुपये है। श्री सांवलिया सेठ मंदिर में हर महीने देशभर से आने वाले श्रद्धालु करोड़ों रुपये की नकद राशि, सोना, चांदी और अन्य कीमती वस्तुएं भगवान को अर्पित करते हैं। मंदिर प्रशासन सभी चढ़ावे का विधिवत रिकॉर्ड रखता है और उन्हें सुरक्षित भंडार में संरक्षित किया जाता है। हाल ही में कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर खोले गए मंदिर के भंडार की गिनती में नकद और ऑनलाइन दान मिलाकर कुल 38.23 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ था, जबकि श्रद्धालुओं ने करीब 4.30 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और चांदी भी अर्पित किया। राजस्थान ही नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश, गुजरात और देश के अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सांवलिया सेठ के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं और पूरी होने पर अपनी श्रद्धा एवं सामर्थ्य के अनुसार नकद, सोना, चांदी या अन्य बहुमूल्य भेंट करते हैं।