शाहरुख खान ने अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का नया पोस्टर मंगलवार को जारी कर दिया है। सामने आए इस पोस्टर में अभिनेता के होंठों के बीच एक गुलाब दबा नजर आ रहा है, जबकि उनकी आंखों में गुस्सा और अंदाज में क्लासिक रोमांस की झलक दिख रही है। पोस्टर के विजुअल्स से साफ है कि फिल्म में जबरदस्त एक्शन के साथ-साथ इंटेंस रोमांस का भी मेल देखने को मिलेगा।
पोस्टर शेयर करते हुए शाहरुख खान ने सोशल मीडिया पर कैप्शन लिखा, “आज फिर याद आया... कातिल नहीं, आशिक हूं।” यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
निर्देशन और स्टार कास्ट
‘किंग’ का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं। फिल्म का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स के बैनर तले किया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट की कहानी एक मेंटर और उसके शिष्य के सफर पर बुनी गई है, जो बेहद कठिन परिस्थितियों में अपने वजूद की लड़ाई लड़ते हैं।
फिल्म में शाहरुख खान के साथ एक बड़ी स्टार कास्ट नजर आएगी। इसमें दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, सुहाना खान, अनिल कपूर, अभय वर्मा और अरशद वारसी अहम भूमिकाओं में हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म से शाहरुख की बेटी सुहाना खान का थिएटर डेब्यू हो रहा है, जो इससे पहले ओटीटी पर रिलीज हुई फिल्म ‘द आर्चीज’ में काम कर चुकी हैं।
बॉक्स ऑफिस पर होगी कड़ी टक्कर
क्रिसमस 2026 के वीकेंड पर रिलीज होने के कारण ‘किंग’ का मुकाबला कई बड़ी हॉलीवुड फिल्मों से होगा। इस दौरान ‘जुमांजी’, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ और ‘ड्यून 3’ जैसी ग्लोबल फ्रेंचाइजी भी सिनेमाघरों में उतरेंगी। इस बॉक्स ऑफिस क्लैश को देखते हुए मेकर्स फिल्म के लिए व्यापक थियेट्रिकल रिलीज की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन को लेकर भी बड़ी डील सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पेन मरुधर ने ‘किंग’ के ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन राइट्स 250 करोड़ रुपए में खरीदे हैं। इस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी का शाहरुख के प्रोडक्शन हाउस के साथ पुराना नाता रहा है, जो पहले ‘जवान’, ‘डंकी’, ‘जीरो’, ‘बदला’ और ‘इत्तेफाक’ जैसी फिल्मों को भी रिलीज कर चुकी है। इन राइट्स के लिए ए.ए. फिल्म्स, जियो स्टूडियोज, पीवीआर आईनॉक्स पिक्चर्स, यशराज फिल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंस जैसी इंडस्ट्री की दिग्गज कंपनियों ने भी बोलियां लगाई थीं।
पर्दे पर दिखेंगी कई खास जोड़ियां
फिल्म से जुड़ी कई अन्य बातें भी चर्चा में हैं। ‘कभी अलविदा ना कहना’ (2006) के लगभग दो दशक बाद शाहरुख खान और रानी मुखर्जी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे। वहीं, शाहरुख और दीपिका पादुकोण की साथ में यह छठी फिल्म होगी, जिसके लिए दोनों ने केप टाउन में एक खास गाने की शूटिंग भी पूरी की है। इसके अलावा, फिल्म में अभिषेक बच्चन मुख्य खलनायक यानी विलेन के किरदार में दिखेंगे, जिसे काफी खतरनाक बताया जा रहा है।
संगीत मोर्चे पर भी मेकर्स ने बड़े नाम जोड़े हैं। फिल्म के गानों और बैकग्राउंड स्कोर की कमान अनिरुद्ध रविचंदर और सचिन-जिगर की जोड़ी संभाल रही है।
