रितेश देशमुख और फराह खान की होस्टिंग वाले रियलिटी शो 'लॉक अप 2' का ग्रैंड फिनाले संपन्न हो गया है. कई हफ्तों के हाई-वोल्टेज ड्रामे और कड़े मुकाबलों के बाद श्रेया कालरा ने शो का खिताब अपने नाम कर लिया है. फिनाले में उन्होंने सभी प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ते हुए ट्रॉफी के साथ 1 करोड़ रुपये की प्राइज मनी जीती.
जूरी के वोटों से तय हुआ विजेता
विजेता का फैसला 25 सदस्यीय जूरी के वोटों के आधार पर किया गया. इस जूरी में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ शो के पूर्व कंटेस्टेंट और बाहर हो चुके प्रतिभागी शामिल थे.
फिल्म विंडो की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेया कालरा को कुल 23 वोट मिले, जिनमें 18 मीडिया जूरी और पांच पूर्व सदस्यों के वोट शामिल थे. वहीं, शिवांगी जोशी को 14 से 15 वोट मिले, जबकि योगेश रावत के खाते में मीडिया जूरी से केवल दो वोट आए.
टॉप-5 में पहुंचे ये कंटेस्टेंट
इस सीजन के फाइनल मुकाबले में पांच कंटेस्टेंट्स ने जगह बनाई थी. श्रेया कालरा और शिवांगी जोशी के अलावा शिल्पा शिंदे, योगेश रावत और राम कपूर भी टॉप-5 फाइनलिस्ट में शामिल रहे. फिनाले से ठीक पहले हुए एलिमिनेशन में आकांक्षा चमोला और वरुण यादव का सफर खत्म हो गया था, जिसके बाद यह अंतिम पांच बचे थे.
सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं
जीत की घोषणा के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाएं सामने आईं. एक यूजर ने लिखा कि पूरे सीजन में जिस तरह श्रेया ने गेम खेला, वह इस जीत की पूरी हकदार थीं. वहीं अन्य फैंस ने इसे एक 'डिजर्विंग विन' बताते हुए ट्रॉफी सही हाथों में जाने की बात कही.
