सिक्किम के ग्यालशिंग जिले के रिंबी गांव में लगातार बारिश के कारण गुरुवार रात बड़ा लैंडस्लाइड हुआ। हादसे में 20 से अधिक घर और सरकारी क्वार्टर मलबे की चपेट में आ गए। प्रशासन के मुताबिक, इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 'अर्नब' अब कमजोर पड़ गया है, लेकिन इसके असर से देश के नौ राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
ओडिशा में 10 हजार लोग सुरक्षित ठिकानों पर शिफ्ट
चक्रवात के असर से ओडिशा के दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है। निचले इलाकों और लैंडस्लाइड प्रभावित क्षेत्रों से करीब 10,000 लोगों को निकालकर 200 राहत केंद्रों में पहुंचाया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
मध्य प्रदेश और यूपी में भी मानसून सक्रिय
मध्य प्रदेश में एक स्ट्रॉन्ग वेदर सिस्टम एक्टिव है, जिसके चलते जबलपुर समेत 13 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 16 अन्य जिलों में भी अच्छी बारिश का अनुमान जताया गया है। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है और शुक्रवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, उन्नाव, वाराणसी, प्रयागराज और जौनपुर समेत 20 शहरों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार शाम से ही तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है।
बिहार और हरियाणा में भी अलर्ट
बिहार के 19 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हरियाणा में भी मौसम का मिजाज बदला है और यमुनानगर, करनाल तथा पानीपत समेत 6 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। प्रभावित राज्यों में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है।
