बुरहानपुर के ऐतिहासिक श्री स्वामीनारायण मंदिर में जल्द ही विकास का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। मंदिर परिसर में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से भव्य सभा मंडप, संत निवास, पार्किंग और विशाल प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। यह जानकारी मंदिर में आयोजित विशेष पत्रकार वार्ता में दी गई। इस दौरान आगामी द्विशताब्दी महोत्सव और मंदिर के ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।सीलमपुरा स्थित प्राचीन श्री स्वामीनारायण मंदिर में आयोजित पत्रकार वार्ता में मंदिर के महंत एवं कोठारी पी.पी. स्वामी, शास्त्री चिंतनप्रियदास जी तथा वरिष्ठ शास्त्री चंद्रप्रकाश स्वामी मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि अधिक पुरुषोत्तम मास के दौरान मीडिया द्वारा मंदिर के धार्मिक आयोजनों को व्यापक प्रचार मिलने से मंदिर की पहचान देशभर में और अधिक मजबूत हुई है।इस अवसर पर शास्त्री चिंतनप्रियदास जी ने बताया कि मंदिर परिसर में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से एक विशाल निर्माण परियोजना शुरू की जाएगी। इसके अंतर्गत तीन मंजिला भवन, विशाल सभा मंडप, संत निवास, पार्किंग व्यवस्था तथा आकर्षक मुख्य प्रवेश द्वार का निर्माण होगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना श्रद्धालुओं और संतों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।पत्रकार वार्ता में मंदिर के ऐतिहासिक महत्व की जानकारी देते हुए बताया गया कि यहां स्थापित लक्ष्मीनारायण देव की प्रतिमा स्वयं भगवान स्वामीनारायण द्वारा पूजित एवं भक्तों को प्रदान की गई प्रतिमा है। वहीं आगामी वर्षों में भगवान लक्ष्मीनारायण देव की प्रतिष्ठा के 200 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य द्विशताब्दी महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें देशभर से संत और श्रद्धालु शामिल होंगे।मंदिर प्रबंधन का दावा है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद स्वामीनारायण मंदिर की भव्यता और सुविधाओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा यह धार्मिक पर्यटन का एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।