राजस्थान के प्रसिद्ध श्रीसांवलियाजी मंदिर में भक्तों की आस्था का सैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। आपको बता दे चतुर्दशी के दिन खोले गए मंदिर के भंडार की गिनती का दूसरा राउंड बुधवार शाम तक पूरा हो गया। दूसरे राउंड की काउंटिंग के बाद मंदिर को इस महीने अब तक कुल 25 करोड़ 81 लाख 46 हजार 200 रुपये की दान राशि प्राप्त हुई हालांकि यह आंकड़ा अभी अंतिम नहीं है, क्योंकि भंडार में मौजूद नोटों, चिल्लर और अन्य दान सामग्री की गिनती अभी जारी है। इसके अलावा श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं का वजन भी किया जाना बाकी है।
बुधवार सुबह राजभोग आरती के बाद मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की मौजूदगी में भंडार की काउंटिंग शुरू हुई। मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, हरिराम गाडरी, रामलाल गुर्जर और प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिव शंकर पारीक की उपस्थिति में दूसरे चरण की गणना भी आखिरकार पूरी की गई। इस राउंड में 8 करोड़ 26 लाख 46 हजार 200 रुपये की राशि निकाली गयी... जिसे नियमानुसार संबंधित बैंकों में जमा करा दिया गया। इससे पहले राउंड में 17 करोड़ 55 लाख रुपये की गणना की जा चुकी थी। दोनों चरणों की राशि को मिलाकर कुल दान 25.81 करोड़ रुपये से अधिक हुआ है।
मंदिर प्रशासन के मुताबिक अभी कई नोटों और सिक्कों की गिनती शेष है, इसलिए अंतिम आंकड़ा और बढ़ सकता है। वहीं भंडार की गिनती के साथ मंदिर में नियमित पूजा-अर्चना और धार्मिक कार्यक्रम भी जारी रहे। ओसरा पुजारी ने भगवान सांवलिया सेठ का गंगाजल से अभिषेक कर श्रृंगार किया और विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। दिनभर राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। वही मंदिर परिसर सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा और पूरे परिसर में भक्ति एवं उत्साह का माहौल नजर आया....
