खण्डवा पुलिस ने अंधे कत्ल के एक मामले का महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना पिपलोद क्षेत्र के ग्राम बोरखेड़ा खुर्द के सरपंच टांडा का है, जहां रूमसिंग की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी।घटना की सूचना के बाद थाना पिपलोद में अपराध क्रमांक 376/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया।पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और साइबर सेल की मदद से तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। लगातार की गई पतासाजी के बाद पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में साहदर उर्फ सरदार, दिनेश और अनिल, सभी निवासी ग्राम आमाखुजरी भिलाईखेड़ा शामिल हैं।एसपी अगम जैन ने बताया, वन अतिक्रमण के दौरान आरोपियों के मकान तोड़े जाने के पीछे मृतक रूमसिंग का हाथ होने की शंका थी। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।वहीं मामले में छतर सिंह और सुरमल नाम के दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।अंधे कत्ल के इस मामले का 48 घंटे में खुलासा करने में थाना प्रभारी पिपलोद निरीक्षक विक्रम धार्वे के नेतृत्व में पुलिस टीम और साइबर सेल खण्डवा की अहम भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।