बुरहानपुर के सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। खैराती बाजार स्थित शासकीय उर्दू हायर सेकेंडरी स्कूल में निरीक्षण के दौरान एक ही कमरे में तीन कक्षाएं संचालित होती मिलीं, जबकि कुछ बच्चे बरामदे में बैठकर पढ़ाई करते नजर आए। प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार ने स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को देखा और समस्या के समाधान का भरोसा दिया।
प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार जिले के सरकारी स्कूलों में तिमाही परीक्षाओं की व्यवस्था और पिछले बोर्ड परीक्षा परिणामों की स्थिति जांचने के लिए निरीक्षण कर रही हैं। इसी दौरान वे खैराती बाजार स्थित शासकीय उर्दू हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचीं।
निरीक्षण में स्कूल भवन में क्षमता से अधिक विद्यार्थियों के नामांकन के चलते एक ही कमरे में तीन कक्षाएं संचालित होती मिलीं। वहीं कुछ विद्यार्थी बरामदे में बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। सीमित कमरों और संसाधनों के बीच पढ़ाई की व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारी ने जल्द समस्या दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया।
हालांकि निरीक्षण को लेकर भी सवाल सामने आए हैं। आरोप है कि स्कूल स्टाफ ने अधिकारियों को बेहतर कमरों का ही निरीक्षण कराया, जबकि अव्यवस्थित हिस्सों की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ सकी। अब सवाल है कि विद्यार्थियों को पर्याप्त कक्ष और बेहतर शैक्षणिक वातावरण कब मिलेगा।
