मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज के मद्देनजर बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और पर्यटन केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को जयपुर में आयोजित उच्चस्तरीय कानून-व्यवस्था समीक्षा बैठक में उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को खुद फील्ड में उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री) अखिल अरोड़ा सहित सभी जिला एसपी और आईजी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
पैदल गश्त और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित रूप से पैदल गश्त बढ़ाने, रात्रिकालीन पेट्रोलिंग तेज करने और प्रभावी नाकाबंदी सुनिश्चित करने को कहा गया है। त्योहारों के दौरान ड्रग माफियाओं की गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए नशा तस्करों के नेटवर्क को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सायबर सुरक्षा और सोशल मीडिया निगरानी पर जोर
दीपावली के समय संभावित सायबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए सायबर टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सायबर अपराधियों के नेटवर्क की जानकारी जुटाकर उनसे दो कदम आगे की रणनीति पर काम किया जाए।
इसके अलावा, साम्प्रदायिक रूप से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं व भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है। पुलिस टीमों को सोशल मीडिया विशेषज्ञों की मदद लेने के साथ ही त्योहार से पहले सीएलजी सदस्यों, सीएलजी यूथ और सुरक्षा सखियों के साथ बैठकें करने के निर्देश दिए गए हैं।
यातायात, पार्किंग और अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए सुव्यवस्थित पार्किंग और ट्रैफिक मैनेजमेंट के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपातकालीन वाहन आसानी से निकल सकें। बाजारों के सभी सीसीटीवी कैमरे चालू रखने और व्यापारियों के साथ समन्वय बनाने पर भी जोर दिया गया है।
पटाखों की अवैध बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के साथ दुकानों पर सुरक्षा मानकों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने को कहा गया है। अग्निशमन वाहनों और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह मुस्तैद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
महिलाओं और पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि इनसे महिलाओं के खिलाफ अपराधों को रोकने में मदद मिल रही है और मातृ शक्ति का आत्मविश्वास बढ़ा है। इसके अलावा, पर्यटन सीजन के दौरान देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वे सुरक्षित माहौल का अनुभव कर सकें। आईजी और एसपी को अपने-अपने जिलों में अपराधों की निरंतर समीक्षा कर रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने को कहा गया है।
