विंध्य क्षेत्र में रेलवे नेटवर्क का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। इसी कड़ी में सतना-देवेंद्रनगर और रीवा-चुरहट रेलखंड का औपचारिक उद्घाटन किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वर्चुअल माध्यम से इस परियोजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही देवेंद्रनगर-चुरहट के बीच नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस नई रेल सेवा के शुरू होने से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच सीधा संपर्क मजबूत होगा। स्थानीय स्तर पर आवागमन सुगम होने के साथ ही व्यापार और कृषि उत्पादों की आवाजाही को भी बढ़ावा मिलेगा।
एक लाख 15 हजार करोड़ की परियोजनाओं का जिक्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि केंद्र और राज्य के साझा प्रयासों से विंध्य क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सहयोग से क्षेत्र को कुल एक लाख 15 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली बड़ी रेल परियोजनाओं की सौगात मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल सुविधाओं का यह विस्तार स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और किसानों के लिए सफर को आसान बनाएगा, जिससे क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए द्वार खुलेंगे। देवेंद्रनगर-चुरहट रेलखंड के शुरू होने से विंध्य अंचल के कई दूरदराज के इलाके अब सीधे रेल नेटवर्क से जुड़ गए हैं।
