आईफोन यूजर्स के लिए वॉट्सऐप पर एक नया चैट इंटरफेस रोलआउट किया जा रहा है. इस अपडेट के तहत मैसेज बबल पहले की तुलना में ज्यादा राउंडेड यानी गोल दिखाई देंगे, जो काफी हद तक ऐपल के मैसेज ऐप से मिलते-जुलते हैं.
फीचर ट्रैकर डब्ल्यूएबीेटाइंफो के मुताबिक, यह नया डिजाइन फिलहाल वॉट्सऐप बीटा फॉर आईओएस वर्जन 26.29.10.70 के जरिए कुछ चुनिंदा टेस्टफ्लाइट यूजर्स को मिल रहा है. हालांकि, ऐप स्टोर के स्टेबल वर्जन का इस्तेमाल करने वाले कुछ यूजर्स को भी यह अपडेट मिल सकता है. कंपनी ने अभी तक इस नए डिजाइन की आधिकारिक घोषणा नहीं की है और न ही सभी यूजर्स के लिए इसके सार्वजनिक रोलआउट की कोई निश्चित समयसीमा बताई है.
मीडिया लेआउट और एप्पल की डिजाइन लैंग्वेज
नवे अपडेट के बाद चैट में शेयर की जाने वाली फोटो, वीडियो और जीआईएफ अब पारंपरिक मैसेज बबल बॉर्डर के बिना दिखाई देंगी. बॉर्डर हटने से मीडिया कंटेंट को चैट विंडो में अधिक जगह मिलेगी और वह टेक्स्ट मैसेज से अलग नजर आएगा. अगर किसी मीडिया फाइल के साथ कैप्शन है, तो वह पहले की तरह कंटेंट के नीचे ही दिखाई देगा.
यह बदलाव ऐपल के 'लिक्विड ग्लास' डिजाइन के अनुरूप है, जिसमें ट्रांसलूसेंट कंट्रोल्स और राउंडेड एलिमेंट्स शामिल हैं ताकि कंटेंट पर ज्यादा फोकस रहे. हालांकि, इस नए इंटरफेस से मैसेज भेजने, रिसीव करने या रिप्लाई करने के तरीके में कोई बदलाव नहीं हुआ है. रिएक्शन और फॉरवर्ड जैसे सभी पुराने फीचर्स पहले की तरह काम करते रहेंगे.
सभी यूजर्स तक कब पहुंचेगा अपडेट?
वॉट्सऐप इस नए डिजाइन को धीरे-धीरे सर्वर-साइड रोलआउट के जरिए जारी कर रहा है. इसलिए, लेटेस्ट ऐप अपडेट इंस्टॉल करने के बाद भी यह फीचर तुरंत सभी यूजर्स के डिवाइस में दिखाई नहीं देगा.
बीता वर्जन में मिलने वाले ऐसे फीचर्स की टेस्टिंग प्रक्रिया लंबी हो सकती है और इन्हें बाद में बदला या हटाया भी जा सकता है. इसके अलावा, रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी पासवर्ड-बेस्ड टू-स्टेप वेरिफिकेशन और यूजरनेम सपोर्ट जैसे अन्य फीचर्स पर भी काम कर रही है, जिनकी टाइमलाइन अलग हो सकती है.
