महेश्वर के ऐतिहासिक एवं विश्व प्रसिद्ध अहिल्या घाट पर रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया, कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन खरगोन एवं नगर परिषद महेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया, मां नर्मदा के पावन तट पर आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक राजकुमार मेव, मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल, तहसीलदार कैलाश सस्तिया, नगर परिषद सीएमओ प्रियंक पंड्या, बीईओ रामलाल चौहान, बीआरसी मनीष डोंगरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे, योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी ने ताड़ासन, पदहस्तासन, सूक्ष्म क्रियाएं, प्राणायाम, ध्यान एवं अन्य योग मुद्राओं का अभ्यास किया, योग प्रशिक्षक सियाराम भटनागर, ज्योति भटनागर, मुस्ताक पठान, पीटीआई अर्चना भालेकर, राहुल मीणा एवं निशा गुप्ता ने योग के महत्व और उसके शारीरिक तथा मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी, वक्ताओं ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वस्थ, संतुलित और अनुशासित जीवन जीने की एक प्रभावी पद्धति है, सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया गया, नर्मदा तट पर एक साथ सैकड़ों लोगों द्वारा किया गया योगाभ्यास आकर्षण का केंद्र रहा और पूरे वातावरण में स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संदेश गूंजता रहा।