Header Advertisement

नवलगढ़ में नगरपालिका के दावों की खुली पोल

आपणो राजस्थान
नवलगढ़ में नगरपालिका के दावों की खुली पोल

नवलगढ़ नगरपालिका और सीवरेज विभाग के दावों की हवा एक बार फिर निकल चुकी है। शहर को साफ-सुथरा और आधुनिक बनाने के प्रशासनिक वादे केवल कागजों और सोशल मीडिया तक ही सिमट कर रह गए हैं। धरातल पर स्थिति यह है कि नवलगढ़ की हर दूसरी-तीसरी गली इस समय सीवरेज के गंदे और बदबूदार पानी से सराबोर है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है। ताजा मामला शहर के मोर स्कूल के पास वाली मुख्य गली का है। यहाँ सड़क पर दूर-दूर तक मटमैला और बदबूदार पानी फैला हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह पानी किसी बारिश का नहीं, बल्कि सीवरेज चैंबरों से उफन कर बाहर आ रहा कचरा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कई दिनों से यह समस्या जस की तस बनी हुई है। राहगीरों और दुपहिया वाहन चालकों को इसी गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि नगरपालिका और सीवरेज विभाग के अधिकारी सोशल मीडिया पर बड़ी-बड़ी मशीनों के फोटो और वीडियो डालकर वाहवाही लूटने में व्यस्त हैं। जनता को दिखाया जा रहा है कि नई मशीनें मंगवाई गई हैं और नालियों व चैंबरों की सफाई युद्धस्तर पर चल रही है। लेकिन जब धरातल पर आकर देखा जाता है, तो काम पूरी तरह 'शून्य' नजर आता है। उफनते चैंबर और सड़कों पर बहता मल-मूत्र प्रशासन के इन दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। सड़कों पर जमा सीवरेज के इस पानी से पूरे इलाके में तीव्र दुर्गंध फैली हुई है। गर्मियों के इस मौसम में घरों के सामने गंदा पानी इकट्ठा होने से मच्छरों और बैक्टीरिया का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति महामारी या किसी गंभीर संक्रामक बीमारी को खुला न्योता दे रही है। इसके बावजूद प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।

Advertisement