राजघाट रोड स्थित साखी रिजॉर्ट में रास रंग ओपन गरबा मंडल की बैठक में आगामी नवरात्रि महोत्सव की रूपरेखा तय कर ली गई है। इसके साथ ही मंडल की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन कर सदस्यों को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शहर में 12 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक सात दिवसीय भव्य ओपन गरबा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
नवनियुक्त अध्यक्ष प्रमेश यादव ने बताया कि रास रंग गरबा मंडल पिछले करीब दो दशकों से इस सांस्कृतिक परंपरा को आगे बढ़ा रहा है, जबकि पिछले चार वर्षों से ओपन गरबा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी राजघाट रोड स्थित साखी रिजॉर्ट गार्डन में ही महोत्सव का आयोजन होगा।
नई कार्यकारिणी में किसे मिली क्या जिम्मेदारी?
बैठक में पदाधिकारियों की घोषणा के साथ ही सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। नई टीम में प्रमेश यादव को अध्यक्ष और विकास यादव व विनोद गहलोत को उपाध्यक्ष चुना गया है।
इसके अलावा शक्ति सोलंकी को सचिव, शुभम अग्रवाल को सह-सचिव, कमल चौहान व आकाश शराफ को कोषाध्यक्ष, आदित्य शर्मा को मीडिया प्रभारी और अनुभव अवस्थी को सह-मीडिया प्रभारी बनाया गया है। वहीं ईश्वर यादव और अंकुश भावसार को प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
गुजराती गायकों की प्रस्तुतियां और आकर्षक रोशनी
समिति के हितेश अग्रवाल और प्रवक्ता ईश्वर यादव ने बताया कि इस बार आयोजन को अधिक व्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है। गुजराती डांडिया और गरबा मुख्य आकर्षण रहेंगे, जिसके लिए विशेष रूप से गुजराती गायकों और कलाकारों को आमंत्रित किया जाएगा।
उत्सव के माहौल को बेहतर बनाने के लिए साखी रिजॉर्ट परिसर में विशेष लाइटिंग और आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ ही गरबा प्रेमियों के लिए कुछ नए आकर्षण भी जोड़े जाएंगे।
सुरक्षा, पार्किंग और सहभागिता पर जोर
महोत्सव में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, पार्किंग, अतिथियों के लिए विशेष प्रबंध और महिलाओं व बच्चों की सुविधाओं पर खास ध्यान दिया जाएगा। प्रवेश और निकास मार्गों को सुचारू रखने के लिए शुरुआती स्तर पर ही पुख्ता इंतजाम करने का निर्णय लिया गया है।
इस बार के आयोजन में फ्रेंड्स ग्रुप और बड़वानी धरोहर सहित शहर के अन्य मंडलों का भी सहयोग मिल रहा है। समिति का उद्देश्य सांस्कृतिक परंपरा को संरक्षित करने के साथ शहरवासियों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
