भगवानपुरा थाना क्षेत्र के वन ग्राम सिरवेल में सोमवार सुबह एक किराना और हार्डवेयर की दुकान में भीषण आग लग गई। हादसे में दुकान संचालक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। आग की इस चपेट में आने से दुकान में रखा लाखों का सामान और अनाज पूरी तरह जलकर राख हो गया।
यह घटना सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे नांदिया रोड पर हुई। दुकान संचालक बुरहान कासम उस वक्त अंदर अकेले मौजूद थे। शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक दुकान में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया। काले धुएं का गुबार उठते देख आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों की मशक्कत और दमकल की मदद
आग की भयंकर लपटों को देखकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पानी के टैंकर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की। आग बुझाने के प्रयासों के बीच ग्रामीणों ने निजी वाहन से गंभीर रूप से झुलसे बुरहान कासम को तुरंत खरगोन अस्पताल पहुंचाया।
ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी रहने पर खरगोन मुख्यालय से दमकल वाहन को भी मौके पर बुलाया गया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की संयुक्त मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा सारा सामान और अनाज जलकर नष्ट हो चुका था।
पुलिस जांच और स्थानीय लोगों की मांग
घटना की सूचना मिलते ही सिरवेल चौकी प्रभारी रामजीलाल डुडवे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर नुकसानी का पंचनामा तैयार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है।
इस घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सिरवेल और आसपास के ग्रामीण इलाकों की जिला मुख्यालय से दूरी अधिक होने के कारण आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड को पहुंचने में लंबा वक्त लग जाता है। इसी वजह से क्षेत्रवासियों ने सिरवेल में एक स्थायी दमकल वाहन तैनात करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों पर समय रहते काबू पाया जा सके।
