बीकानेर में 65 लाख के नकली नोट बरामद
राजस्थान के बीकानेर जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये के नकली नोट बरामद कर फर्जी करेंसी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान नाकाबंदी कर बीकानेर की ओर से आ रही एक बिना नंबर की एसयूवी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 64.87 लाख रुपये के कूटरचित नोट और 13 हजार रुपये की असली भारतीय मुद्रा बरामद हुई। संदिग्ध नोट मिलने पर दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। जांच में सामने आया कि 500-500 रुपये की गड्डियों में ऊपर और नीचे असली नोट लगाए गए थे, जबकि बीच में सफेद कागज रखे गए थे, ताकि लोगों को असली नोटों का झांसा दिया जा सके ठगी और अवैध लेन-देन को अंजाम दिया जा सके। पुलिस का मानना है कि आरोपियों की योजना बड़ी मात्रा में नकली नोट बाजार में खपाने की थी। इस मामले में जैतासर निवासी ओमप्रकाश पुत्र विजयपाल नैण और धोलिया निवासी महेंद्र उर्फ मनोज पुत्र सीताराम गोदारा को गिरफ्तार किया गया जबकि वारदात में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किया गया... पुलिस को आशंका है कि बरामद नकली नोटों का संबंध हवाला कारोबार या किसी संगठित अवैध नेटवर्क से हो सकता है। फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और पूरे गिरोह के मुख्य सरगना सहित अन्य संदिग्धों की तलाश में विशेष टीमें लगातार दबिश देने में जुटी हैं। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

