राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। अभियान के तह बेगूं उपखंड के पारसोली थाना क्षेत्र में राजगढ़ कस्बे में राजमार्ग के दोनों ओर मकानों एवं दुकानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमणों पर कार्रवाई की गई। जेसीबी की सहायता से दुकानों के बाहर बने थड़े तोड़े गए तथा सड़क किनारे रखी गुमटियों को हटाकर राजमार्ग की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
कब्जा नहीं करने की सख्त हिदायत
राजस्थान उच्च न्यायालय एवं सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में चलाए जा रहे इस अभियान में पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पीडब्ल्यूडी नेशनल हाईवे तथा संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा राजमार्ग की भूमि पर कब्जा नहीं करने की सख्त हिदायत दी।
सड़क दुर्घटना की आशंका बढ़ी
अधिकारियों ने बताया कि राजमार्ग पर अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के कारण यातायात बाधित होने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए राजमार्ग को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से अभियान लगातार जारी है। साथ ही होटल-ढाबों के समीप सर्विस रोड और मुख्य मार्ग के बीच सुरक्षा खाई (ट्रेंच) खोदने का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि अनधिकृत प्रवेश और दोबारा होने वाले अतिक्रमण पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
अतिक्रमण की कार्रवाई रहेगी जारी
प्रशासन ने व्यापारियों एवं आमजन से राजमार्ग की भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगी।
